नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूर्व पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। शनिवार को उमर ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।’ पोस्ट के साथ उन्होंने अंगूठी का इमोजी भी लगाया। निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर अंगूठी के इमोजी के साथ ‘इट्स डन ब्रो’ लिखा।
दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी और सगाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उमर और निधि की ओर से साझा की गई तस्वीरों में दोनों साथ नजर आ रहे हैं।
उमर अब्दुल्ला की पहली पत्नी पायल से इसी साल 31 जुलाई को तलाक हुआ था। दोनों की शादी करीब 32 साल पहले हुई थी।
32 साल बाद पायल से हुआ था तलाक
सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई को उमर अब्दुल्ला और पायल के तलाक को मंजूरी दी थी। दोनों 2011 से अलग रह रहे थे। उन्होंने अदालत को बताया था कि आपसी सहमति से शादी खत्म करने और सभी विवादों को सुलझाने का फैसला किया है।
उमर ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी शादी खत्म करने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद शीर्ष अदालत ने दोनों के तलाक को मंजूरी दे दी।
यह भी पढ़ें: 50 चुनाव लड़ चुके तेलंगाना के कांते सयन्ना की एमपी से राज्यसभा जाने की तैयारी
दिग्विजय सिंह ने भी पत्रकार से की थी दूसरी शादी
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 2015 में टीवी पत्रकार अमृता राय से शादी की थी। दोनों का विवाह चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों से हुआ था। अमृता ने सितंबर 2015 में फेसबुक पोस्ट के जरिए शादी की आधिकारिक जानकारी दी थी।
दिग्विजय सिंह की पहली पत्नी आशा सिंह का 2013 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अमृता राय की भी यह दूसरी शादी थी।

