रेस्क्यू किए गए दो टाइगर शावकों में से एक फेंसिंग कूदकर जंगल में भागा, तीन हाथियों की टीम सर्चिंग में जुटी

शेयर करे

उमरिया/ बांधवगढ़; विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नन्हें बाघ शावक ने सभी को चौंका दिया। रिवाइल्ड  के लिए विशेष बाड़े में रखे गए दो शावकों में से एक ने सोमवार को लगभग 5 मीटर ऊंची फेंसिंग को पार कर घने जंगल की ओर छलांग लगा दी। यह दोनों शावक लगभग 8 महीने के हैं और इन्हें 10 अक्टूबर 2025 को पनपथा बफर परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 601 से रेस्क्यू किया गया था। दोनों को ताला जोन में रिवाइल्ड करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

खोज-बीन में लगी टीम ;
सोमवार को एक शावक ने फेंसिंग कूदकर जंगल में प्रवेश कर लिया। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व प्रबंधन की टीम हरकत में आ गई। तीन ट्रेंड हाथियों के दल सहित करीब 12 सदस्यीय टीम जंगल में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।अधिकारियों के अनुसार, शावक के ताजा पगमार्क आसपास के क्षेत्र में मिल रहे हैं, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही उसे खोज लिया जाएगा। दूसरा शावक पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है। दोनों शावक अभी भी स्वस्थ बताए जा रहे हैं।