इस्लामाबाद: पाकिस्तान अपने संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की गंभीर बीमारी की जानकारी गुप्त रखने वाले मुंबई के दो डॉक्टरों को देश के प्रमुख नागरिक सम्मानों में शामिल निशान-ए-इम्तियाज से मरणोपरांत सम्मानित करेगा। दोनों डॉक्टरों ने 1946 में जिन्ना के एक्स-रे की जांच कर उनके गंभीर टीबी से पीड़ित होने की जानकारी दी थी।
पाकिस्तान के योजना मंत्री और अवॉर्ड्स कमेटी के अध्यक्ष अहसन इकबाल ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों डॉक्टरों ने जिन्ना की गंभीर बीमारी को सार्वजनिक नहीं किया और उस दौर में उन्होंने चुपचाप एक बड़ी जिम्मेदारी निभाई।
मुंबई के पारसी समुदाय से थे दोनों डॉक्टर
जिन्ना की बीमारी का राज रखने वाले दोनों डॉक्टर मुंबई के पारसी समुदाय से थे। डॉ. जेआर पटेल और डॉ. जेए धायभो-कू ने 1946 में जिन्ना के एक्स-रे की जांच की थी। जांच में सामने आया था कि जिन्ना गंभीर टीबी से पीड़ित हैं।
किताब ‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ के मुताबिक, उस समय डॉक्टरों को आशंका थी कि जिन्ना के पास केवल एक से दो साल का समय बचा है। उनकी बीमारी की जानकारी बेहद सीमित लोगों तक थी। बताया जाता है कि जिन्ना की बहन फातिमा जिन्ना और दोनों डॉक्टरों को ही उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी थी।
बीमारी की जानकारी और पाकिस्तान बनने का कनेक्शन
जिन्ना की बीमारी छिपाए जाने को भारत के बंटवारे और पाकिस्तान के गठन से जोड़कर देखा जाता रहा है। पाकिस्तान के मंत्री अहसन इकबाल ने बताया कि पूर्व ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने कहा था कि अगर उन्हें उस समय जिन्ना की गंभीर बीमारी की जानकारी होती, तो वह भारत की आजादी कुछ महीनों के लिए टाल सकते थे।
इकबाल के मुताबिक, अगर ऐसा होता तो संभव है कि पाकिस्तान का गठन उस समय न हो पाता। हालांकि, इतिहासकारों और विशेषज्ञों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग राय रही है और यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि जिन्ना की बीमारी सार्वजनिक होने पर पाकिस्तान बनने की प्रक्रिया रुक जाती।
पाकिस्तान बनने के एक साल बाद हुई थी जिन्ना की मौत
मोहम्मद अली जिन्ना की मौत पाकिस्तान बनने के करीब एक साल बाद 11 सितंबर 1948 को हुई थी। अब पाकिस्तान उनकी बीमारी की जानकारी गोपनीय रखने वाले मुंबई के दोनों डॉक्टरों को मरणोपरांत निशान-ए-इम्तियाज देकर सम्मानित करेगा।

