10 दिनों से लापता पाण्डरवानी-लालबर्रा सचिव, हितग्राही कार्यों के लिए काट रहे चक्कर

शेयर करे

लालबर्रा। बालाघाट जिले के ब्लाक मुख्यालय की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत पाण्डरवानी-लालबर्रा के परिवीक्षा सचिव रणविजय सिंह विगत 10दिनों से ग्राम पंचायत से लापता हैं।जिससे अब नगर मुख्यालय में तरह तरह की चर्चाएं सामने आ रही है।

मामले पर लोगों की राय

कुछ लोग बिना नाम छापे बता रहे है कि लालबर्रा सचिव रणविजय सिंह द्वारा कुछ लोगों से भारी राशि उधार के रूप में मांगी गई। तो कुछ लोगों का कहना है कि काम कराने के नाम पर सचिव रणविजय सिंह ने पैसे मांगे हैं और समय पूर्ण हो जाने के बाद से विगत लगभग 10 दिनों से फरार चल रहा है।

जानकारी अनुसार, सचिव के ग्राम पंचायत में अनुपस्थित होने पर हितग्राही जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों के लिए चक्कर काट रहे, जिससे हितग्राही में आक्रोश भी उत्पन हो रहा है।

कई लोगों से पैसे लिए उधार

सूत्रों से पता चला है कि ग्राम पंचायत पाण्डरवानी में पदस्थ परिवीक्षा सचिव गत 10-12 दिनों से ना तो ग्राम पंचायत कार्यालय आ रहा है और ना ही जिस घर में रहता था वहां भी नहीं रह रहा है। साथ ही सचिव रणविजय सिंह द्वारा बड़ी मात्रा में फोन पे के माध्यम से कुछ लोगो से उधार के नाम पर राशि एकत्रित की गई है।

सचिव को हटाने के लिए दिया गया पत्र

इस संबंध में ग्राम पंचायत पाण्डरवानी-लालबर्रा सरपंच अनीस खान से बताया कि- वर्तमान में परिवीक्षाधिन सचिव रणविजय सिंह विगत लगभग 10-12 दिनों से ग्राम पंचायत में बिना सूचना दिए अनुपस्थित है। जिससे हितग्राही को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। इसकी सूचना हमारे द्वारा लिखित रूप से मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालाघाट एवं जनपद पंचायत कार्यालय लालबर्रा को दे दी गई है।