जबलपुर में बमबाजी से दहशत: भगवान टेंट हाउस और मकान पर हमला, एक बच्ची हुई घायल

शेयर करे

जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भगवान टेंट हाउस और उससे लगे मकान पर बदमाशों ने जमकर बमबाजी और पथराव किया। बताया जा रहा है कि करीब 20 से अधिक बदमाशों ने एक साथ हमला बोलते हुए इलाके को दहशत के साये में डाल दिया।

इस वारदात में दुकान और मकान पूरी तरह से तहस-नहस हो गए। हमले के दौरान थदानी परिवार की बेटी जैस्मिन थदानी के चेहरे पर बम के छर्रे लगने से वह बुरी तरह घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

कांग्रेस पार्षद जितेंद्र ठाकुर पर लगा आरोप

पीड़ित परिवार ने इस जानलेवा हमले का आरोप कांग्रेस पार्षद जितेंद्र उर्फ जित्तू ठाकुर और उसके समर्थकों पर लगाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी इसी घर पर हमला हो चुका है।

महिलाओं ने पेश की साहस की मिसाल

हमले के दौरान भगवान टेंट हाउस के ऊपर बने मकान में मौजूद महिलाओं ने अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों पर पानी फेंककर खुद को बचाने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, घमापुर पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल घमापुर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।