उज्जैन। प्रतिबंधित चाइनीज डोर के अवैध कारोबार के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नीलगंगा क्षेत्र में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर आमजन को स्पष्ट संदेश दिया कि चायना डोर के अवैध विक्रय पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवांश एलिगेंस सोसायटी जाने वाले मार्ग पर कुछ युवक प्रतिबंधित नायलोन मांझा (चायना डोर) का क्रय-विक्रय कर रहे हैं। सूचना के आधार पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया और मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को चाइनीज डोर के गट्टों सहित पकड़ लिया गया।
पहली टीम ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुकरेजा, हर्ष बारोड़ और एक नाबालिक को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कुल 24 गट्टे चाइनीज डोर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14,400 रुपये है। दूसरी टीम ने प्रताप सिंह तोमर और निखिल को पकड़ा, जिनके पास से 23 गट्टे चाइनीज डोर जब्त हुई, जिसकी कीमत लगभग 13,800 रुपये बताई गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को थाना क्षेत्र में जुलूस के रूप में घुमाया। इस दौरान लोगों को चाइनीज डोर से होने वाले जानलेवा हादसों और इसके अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त नीति की जानकारी दी गई।
आरोपियों के पास से चाइनीज डोर के विक्रय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाए गए। कलेक्टर उज्जैन के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर सभी के खिलाफ धारा 223(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तरुण कुरील सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चाइनीज डोर के उपयोग या बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि यह मानव जीवन और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा है।


