नई दिल्ली: दिल्ली में सड़क की गुणवत्ता को लेकर चल रहे निरीक्षण के दौरान विवाद हो गया। आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करने वाले साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनका मोबाइल नीचे किया और उन्हें थप्पड़ मारा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

साहिब सिंह बोले- लाइव वीडियो बना रहा था
साहिब सिंह के मुताबिक, वह विधायक जरनैल सिंह के साथ समन्वय का काम करते हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट को भी देखते हैं। मंत्री के सड़क निरीक्षण के दौरान वह मोबाइल से लाइव वीडियो बना रहे थे।
साहिब सिंह का आरोप है कि इसी दौरान प्रवेश वर्मा ने उनके हाथ से मोबाइल हटाया और उन्हें थप्पड़ मारा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर चल रही थी बहस
घटना के समय सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मंत्री प्रवेश वर्मा और स्थानीय विधायक जरनैल सिंह के बीच बहस चल रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सड़क की ऊपरी परत का हिस्सा हाथ से निकालकर दिखाया था। इसी दौरान साहिब सिंह वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे।
साहिब सिंह ने लगाए धमकी के भी आरोप
साहिब सिंह ने दावा किया कि घटना के बाद मंत्री के साथ मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई है और अब आगे की कार्रवाई पुलिस को करनी है।
यह भी पढ़ें: SIR विवाद पर CM मोहन का राहुल गांधी पर हमला: बोले- कांग्रेस अपना कुनबा नहीं संभाल पा रही, पहले संगठन देखें
प्रवेश वर्मा ने भी रखा अपना पक्ष
मामले पर प्रवेश वर्मा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP से जुड़े कार्यकर्ता उनके परिवार को लेकर अपशब्द बोल रहे थे और लगातार बदतमीजी कर रहे थे। उन्होंने घटना को लेकर कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। दूसरी तरफ AAP ने इस मामले में मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं विधायक जरनैल सिंह ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।

