न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र के करीब 80 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला के महासचिव बनने की संभावना मजबूत होती नजर आ रही है। अगले महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फिलहाल आठ उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं।
दूसरे दौर की अनौपचारिक और गुप्त वोटिंग में गुयाना की कैरोलिन रोड्रिग्स बिर्केट सबसे आगे बताई जा रही हैं। वहीं, कोस्टा रिका की रेबेका ग्रिन्सपैन दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, यह मतदान अंतिम चुनाव नहीं है और आने वाले दौर में उम्मीदवारों की स्थिति बदल सकती है।
मौजूदा महासचिव एंतोनियो गुटेरेस का दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र को नया महासचिव मिलेगा।
कैसे चुना जाता है UN का महासचिव?
संयुक्त राष्ट्र महासचिव का चुनाव सीधे जनता या सभी सदस्य देशों की सामान्य वोटिंग से नहीं होता। सबसे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) उम्मीदवारों के नामों पर विचार करती है।
सुरक्षा परिषद में कई दौर की अनौपचारिक और गुप्त वोटिंग होती है। इसमें 15 सदस्य देश प्रत्येक उम्मीदवार के पक्ष में, विरोध में या कोई राय न होने की स्थिति दर्ज करते हैं। इन वोटिंग राउंड का उद्देश्य यह आकलन करना होता है कि किस उम्मीदवार को कितना समर्थन मिल रहा है।
कम समर्थन मिलने पर कोई उम्मीदवार अपनी दावेदारी वापस भी ले सकता है।
9 वोट के साथ स्थायी सदस्यों का समर्थन भी जरूरी
सुरक्षा परिषद के 15 सदस्यों में अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस पांच स्थायी सदस्य हैं। इन सभी के पास वीटो का अधिकार है।
किसी उम्मीदवार को आगे बढ़ने के लिए कम से कम नौ वोटों का समर्थन चाहिए, लेकिन पांच स्थायी सदस्यों में से किसी एक का विरोध भी उसकी दावेदारी रोक सकता है। ऐसे में उम्मीदवार के लिए व्यापक समर्थन के साथ स्थायी सदस्य देशों की सहमति हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण होता है।
सुरक्षा परिषद की सिफारिश के बाद महासभा की मंजूरी
जब किसी उम्मीदवार के नाम पर पर्याप्त सहमति बन जाती है, तो सुरक्षा परिषद औपचारिक बैठक में उसके नाम की सिफारिश करती है। इसके बाद नाम संयुक्त राष्ट्र महासभा के पास भेजा जाता है, जिसमें सभी 193 सदस्य देश शामिल हैं।
महासभा सुरक्षा परिषद की सिफारिश के आधार पर नए महासचिव की नियुक्ति करती है। नियुक्त महासचिव का सामान्य कार्यकाल पांच साल का होता है और उसे दूसरी बार भी चुना जा सकता है।

