नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपनी पहली समीक्षा बैठक की। इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, प्रमुख पहलों और मौजूदा कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्रालय के अधिकारियों ने प्रल्हाद जोशी को शिक्षा क्षेत्र में चल रहे प्रमुख कार्यक्रमों, योजनाओं की स्थिति और मंत्रालय के कामकाज से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। मंत्री ने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की।
इस समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टी. के. अनिल कुमार समेत शिक्षा मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
ये भी पढ़े
NEET पेपर लीक विवाद : धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा: प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का प्रभार
शिक्षा क्षेत्र की योजनाओं पर रहेगा फोकस
शिक्षा मंत्रालय का जिम्मा संभालने के बाद प्रल्हाद जोशी ने मंत्रालय की प्राथमिकताओं को लेकर काम शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े सुधारों, नई पहलों और मौजूदा योजनाओं को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के दौरान स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
तीन मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं प्रल्हाद जोशी
प्रल्हाद जोशी के पास शिक्षा मंत्रालय के साथ-साथ उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है।
शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद उनकी पहली समीक्षा बैठक को मंत्रालय की आगामी दिशा और प्राथमिकताओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

