भोपाल: राजधानी भोपाल की मनुआभान टेकरी पर युवक के साथ हुई लूट के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कोहेफिजा पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की छह टीमों ने टेकरी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
महिला दोस्त के साथ टेकरी पर गया था युवक
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय हर्ष शर्मा 10 सितंबर की शाम अपनी महिला दोस्त के साथ मनुआभान टेकरी घूमने गए थे। रात करीब 8:30 बजे दोनों टावर ऑफ गार्डन रेस्टोरेंट के पीछे बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि एक युवक ने हर्ष का iPhone 15 Pro छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर छुरी से हमला कर दिया और डराकर सोने की चेन, पेंडल, कान के टॉप्स और नकदी लूट ली। शिकायत के बाद कोहेफिजा थाने में BNS की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने छह अलग-अलग टीमें बनाई थीं। टीमों ने मनुआभान टेकरी आने-जाने वाले रास्तों और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और करौंद, शिवशक्ति नगर तथा नवजीवन कॉलोनी सहित अलग-अलग इलाकों में उनकी तलाश की गई।
पुलिस ने मामले में संदीप विश्वकर्मा उर्फ खेड़ा (20), संदीप उर्फ संसू सोनी (22), कबीर पाल (20), दुर्गा कुशवाह (26) और कुलदीप यादव (26) को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े: CM के नाम से ‘इस्तीफा’, नीचे लिखा Satire: अभिजीत दिपके ने बालाघाट के हालात पर ऐसे उठाए सवाल?
करीब 6 लाख रुपए का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपए कीमत का iPhone 15 Pro, लगभग 15 ग्राम की सोने की चेन, करीब 5 ग्राम का भगवान कृष्ण की डिजाइन वाला सोने का पेंडल, सोने के कान के टॉप्स बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल छुरी और एक्टिवा भी जब्त की गई है।
पुलिस का दावा है कि जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी, आबकारी और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं।

