छतरपुर:जनपद पंचायत राजनगर में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ बदमाश सरपंच उपचुनाव के प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म लेकर भाग गए। दरअसल ग्राम पंचायत सीलोन में सरपंच पद के उपचुनाव होना है। मंगलवार को नामांकन के दौरान एक महिला अभ्यर्थी का नामांकन फार्म जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में ही बाबू के हाथ से छीनकर कुछ बदमाश चार पहिया वाहन से लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर और पुलिस की मौजूदगी थी लेकिन सब देखते रह गए।
नामांकन फॉर्म जमा करने पहुंची थी महिला प्रत्याशी
जनवरी माह में ग्राम पंचायत सीलोन की महिला सरपंच सोना रैकवार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। तब से उपचुनाव की घोषणा तक कार्यवाह रूप में पिंकी रैकवार सरपंच पद का कार्य संभाल रही थी। लेकिन अब उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसको लेकर दशोदा यादव पति कालका यादव नामांकन फॉर्म जमा करने जनपद पंचायत राजनगर पहुंची थीं। उन्होंने महिला अभ्यर्थी के रूप में अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन फॉर्म की स्क्रूटनी के लिए आवेदन संबंधित बाबू हरिनारायण कोरी के पास था।
बाबू के हाथ से नामांकन फॉर्म छीनकर भागे बदमाश
इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ लोग अचानक बाबू के हाथ से नामांकन फॉर्म छीनकर कार्यालय से बाहर निकल गए और सफेद रंग की चार पहिया कार में बैठकर भागने लगे। बाबू हरिनारायण कोरी ने कार को रोकने का प्रयास किया, वहां खड़े लोगों ने भी रोकने की कोशिश की, इसी दौरान कार चालक ने उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नामांकन फॉर्म लेकर भाग रही कार और उसके पीछे दौड़ते लोगों को देखा जा सकता है।
प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने पंचायत उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया और प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरपंच के उप चुनाव की प्रत्याशी दशोदा यादव ने बताया, जब नामांकन प्रक्रिया चल रही थी और मौके पर रिटर्निंग ऑफिसर सहित पुलिस बल मौजूद था, उसी दौरान अधिकारी के सामने कुछ बदमाशों ने नामांकन फॉर्म छीना और वाहन से लेकर फरार हो गए।
ये भी पढ़े:आश्वासनो से ही संतोष,आदिवासियों की किस्मत में अभी भी कीचड़युक्त नरक
दोबारा भरवाया नॉमिनेशन फॉर्म
राजनगर के रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार धीरज गौतम ने बताया कि, ”चुनाव प्रकिया चल रही है। राज्य निर्वाचन के कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन का आखरी दिन था। बाबू के हाथों से फॉर्म छीने के मामले में थाने को सूचना दे दी है। कलेक्टर के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करवाई जाएगी। उन्होंने कहा, ‘महिला अभ्यर्थी का नामांकन फॉर्म दोबारा भरवा दिया गया है।
जनपद पंचायत के अंदर बाबू के हाथों से फॉर्म लूट कर भागने के मामले में अब लोग सवाल खड़े कर रहे है। घटना के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. राजनगर टीआई माधव शर्मा कहते हैं कि मामले में वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में शामिल लोगों और वाहन की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा और उचित कार्यवाही होगी।

