मुंबई: बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर अक्सर बहस होती रहती है। अब सुपरस्टार सलमान खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में सलमान ने कहा कि किसी बड़े स्टार का बेटा या बेटी होने से इंडस्ट्री में मौका मिल सकता है, लेकिन सिर्फ पिता का नाम लंबे समय तक सफलता नहीं दिला सकता।
रीति तिवारी को समझाते हुए उठी नेपोटिज्म की बात
शो के दौरान सलमान खान ने मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी से बात करते हुए नेपोटिज्म का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मनोज तिवारी एक बड़े एक्टर, सिंगर और पॉलिटिशियन हैं, इसलिए लोगों को लग सकता है कि रीति को उनकी वजह से पहचान और शो में जगह मिली है।
सलमान ने कहा, कि इसमें बच्चों की गलती नहीं है कि उनका जन्म किसी मशहूर परिवार में हुआ। हालांकि, स्टार किड होने के कारण उन्हें कोई खास ट्रीटमेंट नहीं मिलना चाहिए। आखिर में उनका काम और व्यवहार ही उनकी पहचान बनाता है।
सलमान ने दिया अपना उदाहरण
सलमान खान ने अपने पिता सलीम खान का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पिता फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने राइटर रहे हैं और इससे उन्हें इंडस्ट्री तक पहुंचने का मौका जरूर मिला, लेकिन आगे का सफर उनका अपना था।
सलमान ने बताया कि उन्होंने मॉडलिंग के जरिए अपने करियर की शुरुआत की। उनके मुताबिक, परिवार का नाम किसी व्यक्ति के लिए दरवाजा खोल सकता है, लेकिन उसके बाद इंडस्ट्री में टिकना उस व्यक्ति की मेहनत पर निर्भर करता है
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में शूटर ईशा सिंह ने जीता सिल्वर
सलमान ने सनी-अजय-ऋतिक का किया जिक्र
अपनी बात समझाने के लिए सलमान ने अजय देवगन, सनी देओल, बॉबी देओल और ऋतिक रोशन जैसे कलाकारों का नाम लिया। उन्होंने अजय देवगन के पिता वीरू देवगन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक फाइटर के तौर पर शुरुआत की और बाद में बड़े एक्शन डायरेक्टर बने।
इसी तरह सनी देओल और बॉबी देओल फिल्मी परिवार से आए, जबकि ऋतिक रोशन का परिवार भी लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा रहा है। सलमान का कहना था कि इन कलाकारों ने अपनी अलग खूबियों और काम के दम पर पहचान बनाई।
उन्होंने यह भी कहा कि कई स्टार किड्स को पहली फिल्म आसानी से मिल गई, लेकिन दर्शकों ने उन्हें पसंद नहीं किया और उनका करियर आगे नहीं बढ़ पाया। वहीं दूसरी तरफ कई ऐसे कलाकार भी सफल हुए, जिनका फिल्म इंडस्ट्री में कोई पारिवारिक बैकग्राउंड नहीं था।

