केदारनाथ: बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंची, जहां उन्होंने गुपचुप तरीके से बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। उनके पहुंचने के बाद धाम में बर्फबारी भी हुई। ठंड के कारण सारा लोगों के बीच ठिठुरती हुई नजर आईं। इस दौरान उन्होंने मंदिर के कर्मचारियों और अधिकारियों से दूरी बनाए रखी।
सारा करीब आधे घंटे तक लाइन में खड़ी रहीं
सारा करीब आधे घंटे तक लाइन में खड़ी रहीं। इस दौरान वहां मौजूद लोग उन्हें पहचान नहीं पाए। सारा को ठिठुरते हुए देखकर वहां खड़ी महिलाओं ने उन्हें शॉल देने की पेशकश की, लेकिन वे उन्हें पहचान नहीं सकीं। सारा अपने दोस्तों के साथ धाम पहुंची थीं। उन्होंने केदारनाथ के रक्षक बाबा भुकुंट भैरव के दर्शन भी किए।
सनातन धर्म में आस्था रखने वाले सभी लोगों का स्वागत
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने इस साल गैर-सनातनियों के मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही थी। समिति ने तब कहा था कि केदारनाथ में प्रवेश के लिए सारा अली खान को पहले एफिडेविट देकर यह बताना होगा कि उनकी सनातन धर्म में आस्था है।
विवाद बढ़ने पर BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा था कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले सभी लोगों का स्वागत है।
ये भी पढ़ें: मुंबई में कृष्णा दास के कीर्तन में पहुंचे विराट-अनुष्का: भक्ति में लीन दिखी जोड़ी
पिछले साल भी दर्शन करने आई थीं सारा
एक्ट्रेस सारा अली खान 22 अक्टूबर 2025 को भी केदारनाथ के दर्शन करने पहुंची थीं। उन्होंने अपनी यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए थे। मंदिर में दर्शन करने की तस्वीरों के साथ उन्होंने अपनी एक स्टोरी में लिखा था, अगले साल फिर बुलाना।
केदारनाथ धाम के प्रति अपनी आस्था और भावनाएं जाहिर करते हुए सारा ने लिखा था, जय श्री केदार। दुनिया की इकलौती ऐसी जगह, जो पूरी तरह जानी-पहचानी लगती है और आज भी हर बार मुझे हैरान कर देती है। सिर्फ शुक्रिया। मेरे पास जो कुछ भी है, मुझे देने और मुझे वह सब बनाने के लिए शुक्रिया, जो मैं हूं।

