सागर: शराब कांड के आरोपी सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा के खिलाफ प्रशासन ने एक और कार्रवाई की है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बंडा तहसील के ग्राम मसवासी में उनके नाम स्वीकृत पत्थर क्रेशर की खनन लीज तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है।
जांच में सामने आया कि लीज की तय शर्तों और स्वीकृत अनुबंध की समयसीमा का पालन नहीं किया जा रहा था। खनिज विभाग के नियमों का उल्लंघन भी पाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने लीज निरस्त करने का आदेश जारी किया।
शराब कांड में अब तक क्या हुआ
शुरुआत में संदिग्ध जहरीली और अवैध शराब पीने से लोगों की तबीयत बिगड़ने और 30 से ज्यादा लोगों की मौत का मामला सामने आया था। जांच में शराब में मेथेनॉल की मिलावट की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और बिक्री से जुड़े लोगों पर कार्रवाई शुरू की गई।
मामले में पुलिस ने 30 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से 17 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। शराब कांड के बाद बंडा क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
घटना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई। बंडा थाना प्रभारी और गुगरा चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़े : जयपुर में BJP का बोर्ड तय, 77 सीटों पर जीत; कहीं 10 हजार वोट से जीता प्रत्याशी तो BJP उम्मीदवार को मिला सिर्फ 1 वोट
सिद्धार्थ सिंह पर लगातार कार्रवाई
इससे पहले प्रशासन ने सिद्धार्थ सिंह के लाइसेंसी हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की थी। बहेरिया क्षेत्र स्थित पाथवे रिसोर्ट पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई। वहीं पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

