जबलपुर। देश भक्ति जन सेवा के नारे को अपना धेय वाक्य समझने वाली पुलिस जब जनता की सेवा करने में लापरवाही बरतने लगे तो विवादों का जन्म लेना स्वभाविक हो जाता है। पुलिस की लापरवाही का एक मामला मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के गोराबजार थाने से सामने आया है। आर्मी जवान की पत्नी के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ शिकायत लेने में आनाकानी की, बल्कि उसके साथ बदसलूकी भी की।
पुलिस पर लगे शिकायत के बाद भी नहीं होती कार्रववाई
पीड़िता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलोनी में रहने वाले श्रवण रजक और आनंद मिश्रा लंबे समय से उसे गली से गुजरने के दौरान फब्तियों कसते हैं। पीड़िता के अनुसार, उसने इस संबंध में कई बार गोराबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हालात इतने गंभीर हो गए कि रविवार को वह दोबारा शिकायत करने थाने पहुंची। लेकिन यहां भी उसके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ।
थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप
पीड़िता का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने शिकायत लेने में आनाकानी की। साथ ही बदसलूकी भी की। पुलिसकर्मी और पीड़िता के साथ थाने में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया में सामने आने के बाद मामला और गरम हो गया है। वीडियो में पीड़िता और पुलिस के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरी घटना की जानकारी एसपी को दी।
पुलिस लेती है आरोपियों का पक्ष
पीड़िता का कहना है कि थाना प्रभारी आरोपी श्रवण रजक और आनंद मिश्रा का पक्ष लेते हैं और शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपियों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा। पीड़िता ने मांग की है कि दोनों आरोपियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और उसके साथ थाने में हुई बदसलूकी की भी निष्पक्ष जांच हो।
आर्मी जवान की पत्नी से हुई छेड़छाड़, शिकायत के बाद कार्रवाई न होने के मामले में थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोप


