इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, जनकल्याण और सुशासन के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए इंदौर में ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोग पहुंचे।सभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सेवा ज्योति संकल्प कार्यक्रम
बुधवार को इंदौर के विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड में ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित इस कार्यक्रम में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
विधायकों के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअली सुना गया।
विकसित भारत का संकल्प दिलाया
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मौजूद जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ मशाल जलाई गई।
विजयवर्गीय मशाल लेकर विजय नगर थाने के सामने नवनिर्मित मशाल स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए और सांकेतिक मशाल लेकर अपनी-अपनी विधानसभा के लिए सेवा ज्योति यात्रा के लिए रवाना हुए।
ये भी पढ़ें: धरने पर बैठे कोरोना योद्धा बोले -बालाघाट में 43 बच्चों की जिंदगी को बचाया जा सकता था
विधानसभा क्षेत्रों के लिए निकली सेवा ज्योति यात्रा
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और यात्रा संयोजक विधायक रमेश मेंदोला ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का रथ सबसे आगे रहा। उसके पीछे कार्यकर्ता मशाल लेकर चले। कार्यकर्ता बाइक से अपनी-अपनी विधानसभा में पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यात्रा निकाली।

