Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsUCC की अफवाह से निकाह के आवेदनों में उछाल: भोपाल में 30-40...

UCC की अफवाह से निकाह के आवेदनों में उछाल: भोपाल में 30-40 से बढ़कर 200-300 आवेदन रोज; रिश्तेदारों में शादी पर रोक की फैली थी गलत जानकारी

भोपाल: मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक जानकारियों का असर अब निकाह के आवेदनों पर भी दिखाई दे रहा है। रिश्तेदारों, खासकर चचेरे-ममेरे भाई-बहन के बीच निकाह पर रोक लगने की अफवाह के चलते भोपाल समेत प्रदेशभर में निकाह के आवेदन अचानक बढ़ गए हैं। कई परिवार जल्दबाजी में निकाह कराने के लिए काज़ियात पहुंच रहे हैं।

भोपाल के नायब काज़ी मुफ्ती अली क़ादर हुसैनी के मुताबिक, सामान्य दिनों में रोजाना करीब 30 से 40 निकाह के आवेदन आते थे, लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या बढ़कर 200 से 300 तक पहुंच गई है। उनके अनुसार, प्रदेश में भी सामान्य दिनों की तुलना में निकाह की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है।

रिश्तेदारों में निकाह पर रोक की अफवाह

मुस्लिम समाज के बीच यह अफवाह तेजी से फैली कि UCC लागू होने के बाद चचेरे और ममेरे भाई-बहन समेत कुछ रिश्तेदारों के बीच निकाह पर रोक लग जाएगी। इसी आशंका के चलते कई परिवारों ने तय समय से पहले शादी कराने का फैसला लिया।

काज़ियात पहुंच रहे लोगों का कहना है कि उन्हें डर है कि भविष्य में रिश्तेदारों के बीच होने वाले निकाह मान्य नहीं रहेंगे। इसी वजह से परिवार जल्द से जल्द निकाह की प्रक्रिया पूरी कराना चाहते हैं।

वक्फ बोर्ड ने बताया अफवाह

मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने इन दावों को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि UCC के प्रावधानों को पूरी तरह समझे बिना सोशल मीडिया पर अधूरी जानकारी साझा की जा रही है, जिससे लोगों में भ्रम पैदा हो रहा है।

उन्होंने बताया कि UCC की धारा 4(4) में निषिद्ध रिश्तों में विवाह का प्रावधान है, लेकिन इसमें धर्म की रूढ़ि, प्रथा या परंपरा के तहत मान्य विवाह के लिए अपवाद का प्रावधान भी है। उनके अनुसार, मुस्लिम समाज में प्रचलित कजिन निकाह पर रोक लगने की बात सही नहीं है।

अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील

काज़ी और वक्फ बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों के आधार पर जल्दबाजी में निर्णय न लें। कानून के वास्तविक प्रावधानों की जानकारी लेने के बाद ही कोई फैसला करें। अधिकारियों का कहना है कि UCC को लेकर फैल रही भ्रामक जानकारियों के कारण लोगों में अनावश्यक डर पैदा हो रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन