जबलपुर : सेना की व्हीकल फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को लेकर बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मामला रांझी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदौल निवासी शिवम पाठक के रूप में हुई है।
युवक ने अलग-अलग नाम बताए
स्थानीय लोगों ने जब युवक से पूछताछ की तो उसने अलग-अलग नाम बताए। उसने खुद को कभी हामिद अंसारी, तो कभी शिवा बताया और रावलपिंडी, पाकिस्तान का निवासी होने की बात भी कही।
इसके बाद लोगों ने रांझी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस युवक से उसके पहचान संबंधी दावों और सेना की व्हीकल फैक्ट्री के पास मौजूद होने के कारणों को लेकर जानकारी जुटा रही है।
रक्षा संस्थान के पास घूमते मिला
घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापति ने बताया कि वे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। गोकलपुर के पास भीड़ देखकर रुके तो कुछ लोग एक युवक को घेरे हुए थे। आशीष के मुताबिक युवक जिस जगह मिला, वह डिफेंस संस्थान के नजदीक है। उसके खुद को पाकिस्तान का निवासी बताने पर लोगों ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी।
मानसिक रूप से विक्षिप्त है युवक
सीएसपी के मुताबिक शिवम मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि वह पहले भी कई बार घर से भाग चुका है। कुछ माह पहले वह राजस्थान चला गया था। परिजनों ने तलाश करने के बाद उसे वापस घर लाया था।
शिवम के दो भाई सत्यम और सुंदरम हैं। उसके पिता बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस ने परिजनों को जानकारी दे दी है और उन्हें जबलपुर बुलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: इंदौर में ‘सेवा ज्योति संकल्प’: मोदी के 25 साल के सफर पर जुटे हजारों कार्यकर्ता
खुद को पाकिस्तानी क्यों बताया, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक फिलहाल युवक की पहचान और उसके परिवार से जुड़ी जानकारी सामने आ गई है। हालांकि उसने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला क्यों बताया और उसके बयान बदलने की वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए नारे लगाने के आरोप की भी पुष्टि कर रही है।

