भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भोपाल जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। अभियान की शुरुआत को खास बनाने के लिए शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी दीप प्रज्ज्वलन और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। जिले के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने अधिकारियों को इसकी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख इमारतों पर होगी रंग-बिरंगी रोशनी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भोपाल के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को आकर्षक तरीके से सजाया जाए। भोपाल मेट्रो रेल और शहर की प्रमुख परियोजनाओं के आसपास भी खास रोशनी की जाएगी।
राजभवन, मिंटो हॉल, विधानसभा भवन, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन जैसे प्रमुख सरकारी और ऐतिहासिक भवन भी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। शहर की पहचान मानी जाने वाली झीलों और तालाबों के आसपास भी विशेष लाइटिंग की तैयारी की जाएगी।
एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान भोपाल जिले में अलग-अलग सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत कुल 13 राष्ट्रव्यापी गतिविधियां भी आयोजित की जानी हैं।
प्रभारी मंत्री काश्यप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर, गुजरात से आने वाली यात्रा का भोपाल पहुंचने पर उत्साह के साथ स्वागत किया जाए। इसके साथ ही अभियान में होने वाले कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े : राहुल से पहले MP पहुंचेंगे नितिन नवीन, इंदौर में युवाओं से करेंगे संवाद
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने की तैयारियों पर चर्चा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का संचालन कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती सहित जिला और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।

