लखनऊ: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ कहर बरपा रहा है। इसके कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई इलाकों में पेड़ गिर गए और पुल-सड़कें टूट गईं।
चक्रवात का असर मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में दिख रहा है। यहां बुधवार रात से बारिश हो रही है, जो अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के 12 और ओडिशा के 16 जिलों में गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे।
ओडिशा में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
ओडिशा में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण बालीबाड़ा घाटी रोड पर लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी का हिस्सा ढहने और तीन पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई, जिससे छह गांवों का संपर्क टूट गया।
चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदला
चक्रवात अर्नब मंगलवार देर रात करीब 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। गुरुवार सुबह तक इसके डिप्रेशन और शाम तक कम दबाव वाले स्पष्ट क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
ये भी पढे़ं: सिंहस्थ-2028 के फ्लाईओवर पर फिर अटका पेंच, एटलस चौराहे की फलादिया मस्जिद को नगर निगम का नोटिस
मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी
चक्रवात अर्नब के असर से मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को सतना, कटनी और छतरपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। गुरुवार को इसका असर और बढ़ने की संभावना है। मौसम केंद्र ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बैतूल, हरदा, ग्वालियर सहित 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

