वाशिंगटन। अमेरिका के दो वरिष्ठ डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने ट्रंप प्रशासन पर निर्यात नियंत्रण नियमों में लापरवाही का आरोप लगाया है, जिससे चीन की सैन्य ताकत बढ़ सकती है। सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन और एंडी किम ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में निर्यात नियम अपडेट न करने के कारण अमेरिकी उच्च तकनीकी AI चिप्स चीन स्थित कंपनियों तक पहुंच सकती हैं।
सांसदों का कहना है कि यह चूक एनवीडिया और एएमडी जैसी कंपनियों द्वारा बनाए गए उन्नत प्रोसेसरों से जुड़ी है, जिनका चीन की सैन्य क्षमताओं में इस्तेमाल होने का खतरा है।
वाणिज्य विभाग ने लगाया लाइसेंस शर्त
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि चीन मुख्यालय वाली कंपनियों को निर्यात किए जाने वाले उन्नत चिप्स पर लाइसेंस की शर्तें लागू होंगी, चाहे वे कंपनियां विदेशों में सहायक इकाइयों के माध्यम से कार्य कर रही हों। अधिकारियों का कहना है कि चीन कुछ कंपनियां विदेशी शाखाओं के जरिए भी अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर हासिल कर रही थीं।
सांसदों की सख्त चेतावनी
वॉरेन और किम ने कहा कि प्रशासन को तुरंत स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए और अमेरिकी तकनीक को चीनी सेना तक पहुँचने से रोकना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से भी जांच की मांग की और वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक को सीनेट के समक्ष पेश होकर जवाब देने को कहा।

