Saturday, June 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsलंबे समय से चल रही अटकलों पर लगा विराम, अभिनेता ने खुद...

लंबे समय से चल रही अटकलों पर लगा विराम, अभिनेता ने खुद किया रिश्ते का खुलासा

मुबंई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी की खबरों को आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आमिर ने पुष्टि की है कि वह 5 जुलाई को गौरी के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी।

एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया बातचीत के दौरान आमिर ने बताया कि उन्होंने और गौरी ने अपने रिश्ते को एक नया नाम देने का फैसला किया है। अभिनेता के अनुसार, समय के साथ दोनों को महसूस हुआ कि अब उनके संबंध को अगले पड़ाव पर ले जाने का सही समय आ गया है।

दिल से पहले ही पति मानता हूं खुद को- आमिर खान

आमिर खान ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात करते हुए कहा कि वह और गौरी एक-दूसरे को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह केवल एक औपचारिक शादी नहीं, बल्कि एक मजबूत रिश्ते की स्वाभाविक अगली शुरुआत है। आमिर ने यह भी कहा कि वह दिल से पहले ही खुद को गौरी का जीवनसाथी मानते हैं।

2025 में सार्वजनिक किया था रिश्ता

बता दें आमिर खान ने अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर वर्ष 2025 में पहली बार गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों को कई सार्वजनिक कार्यक्रमों, फिल्मी आयोजनों और पारिवारिक समारोहों में एक साथ देखा गया। रिश्ते के सार्वजनिक होने के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब खुद आमिर ने विराम लगा दिया है।

कौन हैं गौरी स्प्रैट ?

गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और पेशे से सैलून उद्यमी तथा फैशन प्रोफेशनल हैं। उनके पारिवारिक संबंध भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे हैं। गौरी पहले भी शादीशुदा रह चुकी हैं और उनके एक पुत्र हैं। पिछले कुछ वर्षों से वह मुंबई में रह रही हैं।

करीबी सूत्रों के अनुसार, आमिर और गौरी एक-दूसरे को लगभग 25 वर्षों से जानते हैं। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता समय के साथ गहराता गया और आखिरकार दोनों ने जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया।

गौरी के आने से जिंदगी हुई पूरी

एक इंटरव्यू में आमिर खान ने गौरी को अपनी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा था कि उनके साथ उन्हें मानसिक शांति और स्थिरता का अनुभव होता है। अभिनेता ने स्वीकार किया कि जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें ऐसा साथी मिला है, जिसके साथ वह खुद को अधिक संतुलित और पूर्ण महसूस करते हैं।

दो शादियां और दो अलग-अलग अध्याय

जानकारी अनुसार, आमिर खान ने पहली शादी वर्ष 1986 में रीना दत्ता से की थी। यह रिश्ता करीब 16 वर्षों तक चला और दोनों के दो बच्चे हैं। वर्ष 2002 में दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद आमिर ने वर्ष 2005 में फिल्म निर्देशक किरण राव से विवाह किया। दोनों का एक बेटा आजाद है। करीब 15 वर्षों तक साथ रहने के बाद वर्ष 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया। हालांकि तलाक के बाद भी दोनों के बीच दोस्ती और पेशेवर संबंध कायम हैं।

फैंस की नजरें अब 5 जुलाई पर

शादी की आधिकारिक पुष्टि के बाद आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक बार फिर चर्चा में हैं। अब फैंस और फिल्म इंडस्ट्री की नजरें 5 जुलाई पर टिकी हैं, जब बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करेंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 31 to 6 June 2026
Bhopal- 24 to 30 May 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन