भोपाल: 18 नवंबर को मध्यप्रदेश में मोहन कैबिनेट इस बार गांधी सागर डैम के बैकवॉटर में सजेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत सभी मंत्री हिंगलाज मंदिर से क्रूज पर सवार होकर बैठक स्थल पहुंचेंगे। पानी के बीच पारदर्शी डोम में होने वाली इस बैठक में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और मेगा इंडस्ट्री पैकेज की शर्तों में बदलाव जैसे अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। बैठक के लिए चार डोम तैयार किए गए हैं, जहां करीब 200 लोगों के इंतजाम किए गए हैं।
मंदसौर जिले में होने वाली इस डेस्टिनेशन कैबिनेट को खास बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सरकार का उद्देश्य बैठक के जरिए गांधी सागर क्षेत्र की पर्यटन, ऊर्जा और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को सामने लाना है। साथ ही मालवा क्षेत्र में बड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए नई नीतियों पर भी चर्चा की जा सकती है।
चार डोम में 200 लोगों के इंतजाम
गांधी सागर के बैकवॉटर किनारे बैठक के लिए चार डोम तैयार किए गए हैं। इनकी खासियत यह है कि अंदर से गांधी सागर डैम और आसपास का प्राकृतिक नजारा दिखाई देगा। यहां मुख्यमंत्री, मंत्रियों, अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों समेत करीब 200 लोगों के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
एक डोम में कैबिनेट बैठक होगी, जबकि दूसरे में मंत्रियों और अधिकारियों के भोजन का इंतजाम रहेगा। तीसरे डोम में मीडिया कर्मियों और अन्य लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। चौथा डोम प्रेसवार्ता के लिए तैयार किया गया है। गर्मी से बचाव के लिए आयोजन स्थल पर 30 से अधिक एसी लगाए गए हैं।
डोम में दिखेगी गांधी सागर की पहचान
बैठक स्थल को गांधी सागर और आसपास के प्राकृतिक परिवेश की थीम पर सजाया गया है। डोम की अंदरूनी दीवारों पर गांधी सागर डैम, चीता, गिद्ध, हिरण और मगरमच्छ के चित्र लगाए गए हैं। इसके अलावा पशुपतिनाथ मंदिर और पवन ऊर्जा से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं।
इन चित्रों के जरिए क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, वन्यजीव और ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को प्रदर्शित करने की कोशिश की गई है।
पर्यटन और रोजगार पर सरकार का फोकस
गांधी सागर को डेस्टिनेशन कैबिनेट के लिए चुनने के पीछे क्षेत्र की पर्यटन और विकास संबंधी संभावनाएं अहम हैं। गांधी सागर अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक रहवास के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां गिद्धों के संरक्षण और परमारकालीन स्थापत्य कला व मूर्तियों के जीर्णोद्धार पर भी काम हो रहा है।
क्षेत्र में चतुर्भुज नाथ नाला के प्रागैतिहासिक शैलचित्र भी मौजूद हैं। इनके संरक्षण के साथ पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है। गांधी सागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों से पर्यटन को विस्तार मिल रहा है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: नाबालिग से अभद्रता और ड्यूटी में लापरवाही, एएसआई निलंबित: उज्जैन जाने के बजाय इंदौर पहुंचे, थाने में की गाली-गलौज
11,500 करोड़ की ऊर्जा परियोजना भी अहम
गांधी सागर क्षेत्र में पर्यटन के अलावा ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक निवेश की भी बड़ी संभावनाएं हैं। यहां 1,920 मेगावाट क्षमता की करीब 11,500 करोड़ रुपये की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का अवसर लेकर आई है।
कैबिनेट बैठक में मेगा इंडस्ट्री पैकेज की शर्तों में बदलाव से जुड़ा प्रस्ताव भी आ सकता है। इसका उद्देश्य बड़े निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करना और औद्योगिक परियोजनाओं को प्रोत्साहन देना है। सरकार इस बैठक के जरिए मालवा क्षेत्र को पर्यटन, ऊर्जा और उद्योग के नए केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश देना चाहती है।

