नई दिल्ली। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश भर के बढ़े महानगरों में रंगों के त्योहार होली पर आतंकी हमले की साजिस से सुरक्षा एजेंसियों ने पर्दा उठा दिया। सुरक्षा एजेंसियों को लश्कर-ए-तैयबा के एक खतरनाक आतंकी तंत्र का खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर बांग्लादेशी मूल के युवकों का एक नेटवर्क तैयार किया गया था, जिसका मकसद होली के त्योहार पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में समन्वित हमले करना था।
इस पूरे नेटवर्क की कमान बांग्लादेश में बैठा लश्कर कमांडर संभाल रहा था। जांच में सबसे चौंकाने वाला नाम शब्बीर अहमद लोन का सामने आया है, जो सीधे आतंकी हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था। शब्बीर वही आतंकी है जिसे 2007 में एके-47 के साथ पकड़ा गया था, लेकिन 2018 में जेल से छूटने के बाद उसने फिर से सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाना शुरू कर दिया।
फ्री कश्मीर पोस्टर से खुला राज
आतंकियों की चालाकी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने दिल्ली में ’फ्री कश्मीर’ के पोस्टर लगाकर पुलिस के ’रिस्पॉन्स टाइम’ का ट्रायल रन किया था। कोलकाता से पकड़े गए उमर फारूक को भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी का जिम्मा सौंपा गया था। फिलहाल, स्पेशल सेल कई राज्यों में छापेमारी कर रही है ताकि इस नेटवर्क की जड़ों को पूरी तरह उखाड़ा जा सके।
होली पर देश को दहलाने की साजिश से सुरक्षा तंत्र ने उठाया पर्दा, आतंकी संगठन लश्कर के निशाने पर थे दिल्ली-मुंबई समेत 4 महानगर


