भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर से भोपाल तक निकली करीब 200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा में युवाओं, छात्रों और बुजुर्गों की भी खास भागीदारी देखने को मिली। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, नीट-यूजी और सीबीएसई परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर निकाली गई इस यात्रा में कई ऐसे चेहरे सामने आए, जिन्होंने अपने जज्बे से लोगों का ध्यान खींचा।
पोती ने चलाई साइकिल, दादा बने सबसे बड़े सहारा
इंदौर के क्षिप्रा की रहने वाली छात्रा सेजल पटेल पूरी यात्रा में साइकिल चलाते हुए भोपाल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों की समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए उन्होंने इस यात्रा में शामिल होने का फैसला किया।
सेजल ने कहा कि उन्होंने सातवीं कक्षा के बाद साइकिल नहीं चलाई थी। यात्रा से पहले सिर्फ दो-तीन दिन तक 15-15 किलोमीटर की प्रैक्टिस की और फिर 200 किलोमीटर का सफर तय किया। यात्रा के दौरान जब भी थकान महसूस होती, उनकी साथी मदद करतीं और उनके दादा बाइक से साथ चलते हुए उनका हौसला बढ़ाते रहे।
दादा बोले- बेटियों को आगे बढ़ने का पूरा हक
सेजल के दादा ने कहा, कि समाज में अक्सर बेटियों को आगे बढ़ने से रोका जाता है, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी पोती का साथ दिया। उनके मुताबिक, यदि बेटी राजनीति में जाना चाहती है तो उसे पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका केवल एक संदेश है कि जीवन में अच्छा आचरण बनाए रखते हुए आगे बढ़ें।
62 साल के बुजुर्ग ने भी पूरी की 200 किमी की यात्रा
इंदौर के राऊ क्षेत्र के रहने वाले 62 वर्षीय जितेंद्र यादव ने भी इंदौर से भोपाल तक पूरा सफर साइकिल से तय किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वह इस यात्रा में शामिल हुए।
जितेंद्र यादव ने बताया कि वह रोजाना करीब 10 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं और खुद को शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट मानते हैं। उनका कहना है, कि रास्ते में लोगों का समर्थन और साथ मिलने से थकान महसूस नहीं होती और आगे बढ़ने का उत्साह बना रहता है।

