भोपाल: विधानसभा परिसर के विधान परिषद सभागार में शनिवार को युवाओं का जोश देखने लायक था। ‘विकसित भारत में युवाओं का योगदान’ विषय पर आयोजित युवा संवाद में विभिन्न राज्यों से आए करीब 150 युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने युवाओं को आत्मावलोकन का आईना दिखाया और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करने का संदेश दिया।
इस मौके पर भोपाल विधायक भगवानदास सबनानी, आयोजक हर्षित सोनी और विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।
सिर्फ सड़क-इमारत से नहीं बनता विकसित भारत
तोमर ने कहा कि विकसित भारत का मतलब सिर्फ बड़े उद्योग, चौड़ी सड़कें और ऊंची इमारतें नहीं है। असली विकसित भारत तब बनेगा, जब समाज स्वस्थ, शिक्षित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक होगा।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब हर युवा अपनी क्षमता, ज्ञान और कौशल को देश के काम में लगाएगा। इसके लिए जरूरी है कि युवा पहले अपनी कमियों को पहचानें, उन्हें दूर करें और खुद को तैयार करें।
मोदी, बोस और टाटा से सीखें नेतृत्व
युवाओं को प्रेरित करते हुए तोमर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं, लेकिन ताकत तभी काम आती है जब उसे सही दिशा मिले।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष भरे जीवन, दूरदर्शी सोच और काम करने के अंदाज से सीखने की बात कही। साथ ही नेताजी सुभाषचंद्र बोस के साहस और टाटा समूह की कार्यसंस्कृति को भी युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। उनका कहना था कि इनके जीवन का अध्ययन युवाओं में नेतृत्व क्षमता पैदा करेगा।
जब छोटे कदमों ने बदल दी तस्वीर
तोमर ने अपने संबोधन में बताया कि कैसे छोटे-छोटे फैसलों ने देश की बड़ी तस्वीर बदल दी। 2014 में स्वच्छ भारत मिशन शुरू हुआ तो लोगों ने इसे सिर्फ सफाई का अभियान समझा, लेकिन यह महिलाओं के सम्मान और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ गया। जनधन योजना ने करोड़ों गरीब परिवारों को बैंक से जोड़ा। डिजिटल इंडिया, कैशलेस लेन-देन और DBT ने पैसे के लेन-देन में पारदर्शिता ला दी।
उनका कहना था कि यही बताता है कि दूरदर्शी सोच से किया गया एक छोटा सुधार भी पूरे देश में बड़ा बदलाव ला सकता है।
पड़ोस की समस्या सुलझाना भी देश सेवा है
तोमर ने युवाओं से कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए दिल्ली-भोपाल जाने की जरूरत नहीं है। अपने मोहल्ले, गांव और शहर की समस्या को सुलझाना भी राष्ट्र निर्माण ही है।
अगर कोई युवा किसी जरूरतमंद बच्चे को पढ़ाता है, किसी को हुनर सिखाता है या सार्वजनिक सुविधा को बेहतर बनाने में मदद करता है, तो वह भी देश को आगे बढ़ा रहा है। विकसित भारत के लिए आर्थिक तरक्की के साथ सामाजिक सुरक्षा, सम्मान, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी है।
यह भी पढ़ें: महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता पर सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
सिर्फ सुनकर मत जाओ, एक संकल्प लेकर जाओ
कार्यक्रम के अंत में तोमर ने युवाओं से एक सीधी अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सिर्फ सुनकर मत जाइए, यहां से कम से कम एक संकल्प लेकर जाइए, जिसे आप अपनी जिंदगी में पूरा कर सकें।
उन्होंने कहा कि 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा, तब आज के युवा गर्व से कह सकेंगे कि इस ऐतिहासिक सफर में उनका भी योगदान था।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर तोमर ने आयोजक हर्षित सोनी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी और सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

