आंध्र प्रदेश। काकीनाडा जिले से एक बड़ी और दुखद घटना सामने आई है। जिले में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। विस्फोट के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं।
बता दें राज्य की गृह मंत्री अनिता ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सगीली शान मोहन ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका है। हालांकि, विस्फोट की असली वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है।
यह हादसा एक बार फिर पटाखा उद्योग में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे इस बात की ओर इशारा करते हैं कि कड़े नियमों और सख्त निगरानी की तत्काल जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को रोका जा सके।


