वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 80वें जन्मदिन के अवसर पर व्हाइट हाउस में इतिहास रचते हुए दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स संस्था UFC (अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) का भव्य आयोजन किया गया। व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित इस इवेंट को अब तक के सबसे महंगे UFC आयोजनों में गिना जा रहा है, जिस पर करीब 6 करोड़ डॉलर खर्च किए गए।
इस विशेष आयोजन में कुल सात मुकाबले रखे गए, जबकि मुख्य आकर्षण जॉर्जियाई-स्पेनिश स्टार फाइटर इलिया टोपुरिया और अमेरिकी फाइटर जस्टिन गैथजी के बीच लाइटवेट कैटेगरी का मुकाबला रहा। मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पैरामाउंट प्लस पर किया गया।
जीत के बाद सीधे ट्रम्प से मिलने पहुंचे फाइटर
कार्यक्रम के शुरुआती मुकाबले में अमेरिकी फाइटर बो निकल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही राउंड में काइल डाउकस को नॉकआउट कर दिया। दमदार लेफ्ट हुक और राइट पंच के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और बो निकल को विजेता घोषित किया।
जीत के तुरंत बाद बो निकल रिंग से निकलकर सीधे राष्ट्रपति ट्रम्प के पास पहुंचे। दोनों ने हाथ मिलाया और कुछ समय तक बातचीत भी की। इस दृश्य ने दर्शकों का खास ध्यान आकर्षित किया।
हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
व्हाइट हाउस में आयोजित इस ऐतिहासिक इवेंट में करीब 4,300 विशेष अतिथि, सैन्यकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा लगभग 85 हजार दर्शकों के लिए अलग फैन जोन बनाया गया, जहां बड़ी स्क्रीन पर मुकाबलों का प्रसारण किया गया।
ट्रम्प बोले- ‘धरती का सबसे बड़ा शो’
राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस आयोजन को “धरती का सबसे बड़ा शो” बताया। उन्होंने UFC की लोकप्रियता की तुलना पेरिस के प्रसिद्ध एफिल टॉवर से करते हुए इसकी वैश्विक पहचान की सराहना की। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने UFC को अमेरिका की “सॉफ्ट डिप्लोमैटिक पावर” का मजबूत उदाहरण बताया।
1993 में हुई थी UFC की शुरुआत
UFC की स्थापना वर्ष 1993 में अमेरिका में हुई थी। इसका उद्देश्य यह जानना था कि विभिन्न मार्शल आर्ट्स तकनीकों में कौन सबसे प्रभावी है। पहले टूर्नामेंट में ब्राजीलियन जिउ-जित्सु विशेषज्ञ रॉयस ग्रेसी ने जीत हासिल कर दुनिया को चौंका दिया था।
समय के साथ UFC ने वैश्विक पहचान बनाई और आज यह दुनिया की सबसे लोकप्रिय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) लीग बन चुकी है। आधुनिक फाइटर्स बॉक्सिंग, रेसलिंग, जूडो, कराटे, किक बॉक्सिंग और जिउ-जित्सु जैसी कई तकनीकों का मिश्रण अपनाकर मुकाबला करते हैं।

