Tuesday, August 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsछात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर संसद में घमासान, राहुल गांधी ने मांगा...

छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर संसद में घमासान, राहुल गांधी ने मांगा अमित शाह से जवाब

नई दिल्ली: छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर संसद के मॉनसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर सदन में जवाब देने की मांग कर रहे हैं।

राहुल गांधी का कहना है कि सरकार को संसद में स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी। वहीं, NDA की ओर से कहा गया है कि गृह मंत्री इस मुद्दे पर सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा से पीछे हट रहा है।

NDA की बैठक में विपक्ष को घेरने की तैयारी

मंगलवार को संसद के मॉनसून सत्र के बीच NDA सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई सांसद बैठक में शामिल हुए।

ये भी पढ़े

Ayodhya Ram Mandir: नरपत डुकिया को राम मंदिर संचालन की कमान, SIT ने खंगाला दान के आभूषणों का लॉकर

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने NDA सांसदों के साथ तिरंगा भी लहराया। बता दे कि बैठक के बाद NDA सांसद विपक्ष को घेरने के लिए पोस्टर लेकर निकल सकते हैं। इन पोस्टरों के जरिए सरकार की ओर से यह संदेश देने की तैयारी है कि गृह मंत्री चर्चा के लिए तैयार हैं, जबकि विपक्ष चर्चा से बच रहा है।

संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष से की अपील

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा था कि सरकार देशभर में छात्र आंदोलनों और उनसे जुड़ी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह सदन में जवाब भी देंगे। रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि वह सरकार का जवाब शांतिपूर्वक सुने। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विपक्ष को चर्चा के लिए स्पष्ट प्रस्ताव दिया गया है।

पैलेट गन के मुद्दे पर जारी है गतिरोध

दिल्ली में 20 जून को छात्रों के संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक प्रस्तावित है। हालांकि, छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हो रही है।

राहुल गांधी ने PM मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों को संसद में आकर विपक्ष के सवालों का सामना करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सदन में इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

राहुल गांधी की गृह मंत्री से सीधी मांग

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की मांग किसी सामान्य विषय पर गृह मंत्री का भाषण सुनने की नहीं है, बल्कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगने की है। उन्होंने सवाल उठाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री को संसद में यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी थी या नहीं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि गृह मंत्री की जानकारी में यह कार्रवाई हुई तो उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और यदि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, तब भी यह गंभीर सवाल है कि गृह मंत्रालय के तहत हुई कार्रवाई की जानकारी उन्हें क्यों नहीं थी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन