जिला चिकित्सालय में हंगामा, अभद्रता करने वाले युवक की युवती ने चप्पलों से की धुनाई

शेयर करे

गुना। जिला चिकित्सालय परिसर उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया जब प्रसूति वार्ड के बाहर सामग्री बेचने वाली एक युवती ने एक व्यक्ति की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। इस घटना के दौरान चिकित्सालय परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए स्थिति अनियंत्रित नजर आई।
ऐसे उपजा विवाद
बताया जा रहा है कि युवती प्रसूति वार्ड के समीप नवजात शिशुओं के वस्त्र और खिलौने बेचने का कार्य करती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने वहां पहुंचकर युवती के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपशब्द कहे। गाली-गलौज से क्षुब्ध होकर युवती ने अपना आपा खो दिया और उस व्यक्ति पर चप्पल चला दी। इसी बीच युवती का भाई भी वहां पहुंच गया और उसने भी युवक की पिटाई कर दी।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप तब हुआ मामला शांत
हंगामे देख वहां तैनात पुलिस आरक्षक ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया और संबंधित व्यक्ति को परिसर से बाहर किया। हालांकि, इस प्रकरण में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से अधिकारिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय नागरिकों ने चिकित्सालय परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और सुरक्षा व्यवस्था में चूक पर चिंता व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *