तिरुवनंतपुरम: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। कोहली ने नाबाद 139 रन की शानदार पारी खेली और इसके साथ ही लिस्ट-ए क्रिकेट में अपने 60 शतक पूरे कर सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली। खास बात यह है कि विराट ने यह मुकाम सचिन से 200 पारियां पहले हासिल किया।
तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में कोहली ने 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का 55वां शतक रहा।
338 पारियों में पूरे किए शतक
लिस्ट-ए क्रिकेट में विराट कोहली के अब 60 शतक हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। हालांकि दोनों को इस आंकड़े तक पहुंचने में लगी पारियों में बड़ा अंतर है।
विराट ने 338 पारियों में 60 शतक पूरे किए, जबकि सचिन को इसके लिए 538 पारियां खेलनी पड़ी थीं। यानी विराट ने 200 पारियां कम खेलकर यह आंकड़ा हासिल किया।
वनडे में 15 हजार रन भी पूरे
इस मुकाबले में विराट के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 15 हजार रन भी पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे बल्लेबाज बने।
एक ही मुकाबले में शतक, 15 हजार वनडे रन और लिस्ट-ए में सचिन के 60 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी ने इस पारी को विराट के लिए खास बना दिया।
यह भी पढ़ें: WPL 2027 के लिए रिटेंशन लिस्ट जारी, RCB से मुंबई तक जानिए किसने किन खिलाड़ियों को रखा साथ
भारत ने 8 विकेट से जीता मुकाबला
वेस्टइंडीज ने भारत को जीत के लिए 296 रन का लक्ष्य दिया था। विराट कोहली के नाबाद 139 और कप्तान शुभमन गिल के 110 रन की बदौलत भारत ने 41.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत ने मुकाबला 8 विकेट से जीता। विराट ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया और आखिर तक नाबाद रहे।

