नई दिल्ली: हैजा को भले ही पुरानी बीमारी माना जाता हो, लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में यह आज भी जानलेवा बना हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में दुनियाभर में हैजा से 7,870 लोगों की मौत हुई। यह 1999 के बाद किसी एक साल में इस बीमारी से हुई सबसे ज्यादा मौतें हैं। खास बात यह है कि मौतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई, जब हैजा के कुल रिपोर्ट किए गए मामले पिछले साल की तुलना में कम रहे।
WHO के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में दुनियाभर में हैजा के करीब 4.51 लाख मामले रिपोर्ट हुए, जो 2024 के मुकाबले लगभग 20 प्रतिशत कम हैं। इसके बावजूद बीमारी से होने वाली मौतों में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सात देशों में सामने आए 90% मामले
WHO के मुताबिक, 2025 में दुनिया में रिपोर्ट किए गए हैजा के करीब 90 प्रतिशत मामले और मौतें सात देशों से सामने आईं। इनमें अंगोला, बांग्लादेश, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, नाइजीरिया, दक्षिण सूडान, सूडान और यमन शामिल हैं।
इन देशों में सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता की कमी हैजा के फैलने की बड़ी वजह बनी। इसके अलावा संघर्ष और प्राकृतिक आपदाओं के कारण बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ा। ऐसे हालात में लोगों के लिए साफ पानी, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच मुश्किल हो जाती है। इससे संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
दूषित पानी और भोजन से फैलता है संक्रमण
हैजा तेजी से फैलने वाला गंभीर आंतों का संक्रमण है। यह विब्रियो कॉलेरी बैक्टीरिया के कारण होता है। आमतौर पर बैक्टीरिया से दूषित पानी या भोजन के सेवन से संक्रमण फैलता है। बीमारी में तेज दस्त और उल्टी के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की तेजी से कमी हो सकती है।
समय पर इलाज मिलने पर हैजा का उपचार संभव है। मरीज को शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए ओआरएस दिया जाता है। गंभीर स्थिति में नस के जरिए तरल पदार्थ दिए जा सकते हैं और कुछ मामलों में डॉक्टर एंटीबायोटिक भी देते हैं।
यह भी पढ़ें: अमित शाह बोले- BJP की सरकार बनी तो 2029 तक पंजाब से नशा खत्म करेंगे
हर पांच में एक मौत स्वास्थ्य केंद्र के बाहर
WHO के अनुसार, 2025 में रिपोर्ट की गई हैजा से होने वाली मौतों में हर पांच में से एक मौत स्वास्थ्य केंद्र के बाहर हुई। इससे बीमारी की समय पर पहचान और इलाज तक पहुंच की चुनौती का पता चलता है।
WHO के स्वास्थ्य आपात कार्यक्रम के कार्यकारी निदेशक चिक्वे इहेक्वेजू ने कहा कि हैजा से होने वाली मौतों को रोका जा सकता है, क्योंकि इसकी रोकथाम और इलाज के प्रभावी साधन उपलब्ध हैं। उन्होंने ज्यादा प्रभावित देशों में सुरक्षित पानी, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई।

