Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsYamuna Expressway Bus Fire: स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा...

Yamuna Expressway Bus Fire: स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले, कई झुलसे

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट के पास चलती स्लीपर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आधी रात को चलती बस में लगी आग

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बस नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए। कुछ ही देर में स्लीपर बस धू-धूकर जलने लगी।

धुएं और अफरा-तफरी में फंसे यात्री

हादसे में 9 यात्रियों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। कई अन्य यात्री झुलस गए। बस में लगी भीषण आग देखकर यमुना एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बस में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।

महिला यात्री ने सुनाई हादसे की भयावह कहानी

हादसे से बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी। तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। जागने पर उसने देखा कि बस में पहले से ही काफी भीड़ और अफरा-तफरी थी। महिला के मुताबिक उसने अपना सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ फोन लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की।

महिला ने बताया कि बाहर निकलने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी। इसी दौरान किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। चारों तरफ धुआं ही धुआं था और कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।

उसने बताया कि बस के अंदर कई लोग दम घुटने से परेशान थे। अफरा-तफरी के बीच जो यात्री रास्ता बनाकर बाहर निकल सके, वे ही बच पाए। महिला के मुताबिक उसके पीछे भी कई यात्री थे, जो संभवत: बस से बाहर नहीं निकल सके।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से बात कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन