बालाघाट। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस की टीम द्वारा 12 दिसम्बर को खैरलांजी तहसील के अंतर्गत ग्राम सिवनघाट में वैनगंगा नदी से रेत का अवैध खनन एवं परिवहन रोकने बड़ी कार्यवाही की गई है। महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले के व्यापारियों एवं ठेकेदारों द्वारा अवैध रूप से रेत का खनन करने की शिकायत प्राप्त होने पर यह कार्यवाही की गई है।
12 दिसम्बर को खैरलांजी तहसीलदार सुश्री छवि पंत, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक चौधरी, थाना प्रभारी रामसिंह पटेल, नायब तहसीलदार डीएल परते, खनिज निरीक्षक सुरेश कुमार कुलस्ते, दुर्गेश डेहरिया, रजनीश तिवारी, परसराम कोकोटे, मोनू ठाकुर, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, कोटवार एवं अन्य लोगो की टीम द्वारा ग्राम सिवनघाट पहुंचकर कार्यवाही की गई। टीम ने मौके पर पाया कि रेत का अवैध रूप से खनन करने के लिए नदी पर पुल बना लिया गया है। टीम द्वारा जेसीबी मशीन से इस पुल को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे नदी में रेत खनन के लिए वाहनों का आवागमन न हो सके।
खनिज निरीक्षक श्री कुलस्ते ने बताया कि 12 दिसम्बर को गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डम्बर क्रमांक एमपी-50-एच-1395 को किरनापुर तहसील के ग्राम हिर्री में जब्त किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रेत एवं खनिज के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही की जाएगी।
खनिज, राजस्व एवं पुलिस की टीम द्वारा सिवनघाट में रेत खनन और अवैद्ध परिवहन की गई कार्यवाही, पुल किया ध्वस्त


