निर्वासन में तेजी लाने के लिए ट्रंप सरकार की नई रणनीति, DHS ने किया आधिकारिक ऐलान: 2.7 लाख रुपये और फ्री टिकट

शेयर करे

अमेरिका। क्रिसमस से पहले अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए ट्रंप सरकार एक बंपर ऑफर लेकर आई है। इस योजना का मकसद अमेरिका से अवैध प्रवासियों के स्वैच्छिक निर्वासन (Self Deportation) की प्रक्रिया को तेज करना है। डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी सरकार ने अवैध प्रवास के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कई कड़े फैसले लिए हैं और अब इसी कड़ी में यह नई स्कीम लागू की गई है।

ट्रंप सरकार क्रिसमस स्पेशल ऑफर

डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने बिना वैध दस्तावेजों के अमेरिका में रह रहे लोगों को देश छोड़ने के लिए क्रिसमस स्पेशल ऑफर दिया है। अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के मुताबिक, यदि अवैध प्रवासी साल खत्म होने से पहले अमेरिका छोड़ते हैं, तो उन्हें 3,000 डॉलर (करीब 2,70,738 रुपये) की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार उनकी वापसी का पूरा यात्रा खर्च भी वहन करेगी, यानी उन्हें फ्री टिकट मिलेगा।

DHS का आधिकारिक बयान

DHS ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि- जो अवैध प्रवासी साल के अंत तक CBP Home ऐप के जरिए खुद को डिपोर्ट करने के लिए साइन अप करेंगे, उन्हें मुफ्त यात्रा के साथ-साथ 3,000 डॉलर का वजीफा दिया जाएगा। इसके अलावा, जो लोग इस ऐप का उपयोग करेंगे, उन्हें देश छोड़ने में असफल रहने पर पहले लगाए गए किसी भी नागरिक जुर्माने या दंड से राहत भी मिलेगी।

7 महीनों में तीन गुना बढ़ा ऑफर

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप सरकार ने ऐसा ऑफर पेश किया हो। मई महीने में अवैध प्रवासियों को खुद से देश छोड़ने पर 1,000 डॉलर देने की शुरुआत की गई थी। अब महज सात महीनों के भीतर इस रकम को तीन गुना बढ़ाकर 3,000 डॉलर कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इस प्रोत्साहन से निर्वासन की प्रक्रिया तेज होगी और अवैध प्रवास पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम ट्रंप की हार्डलाइन इमिग्रेशन पॉलिसी का हिस्सा है, जिसमें वह कभी सख्ती दिखाते हैं तो कभी प्रलोभन के जरिए लक्ष्य हासिल करने की कोशिश करते हैं। क्रिसमस से पहले पेश किया गया यह ऑफर इसी रणनीति का नया उदाहरण माना जा रहा है।