बांग्लादेश में बस नदी में गिरी, 25 लोगों की मौत

बस को नाव में चढ़ाते समय हुआ हादसा

ढाका। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस पद्मा नदी में गिर गई। यह हादसा दाउलतदिया घाट पर उस समय हुआ, जब बस को फेरी (बड़ी नाव) पर चढ़ाया जा रहा था। इस दुर्घटना में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर लोग ईद की छुट्टियां खत्म होने के बाद राजबाड़ी से ढाका लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार कई यात्री एक ही परिवार के थे। कुछ लोग बस के बाहर खड़े होने की वजह से बच गए, जबकि उनके परिजन बस के अंदर ही फंसे रह गए।
फायर सर्विस के मुताबिक, 23 शव बस के अंदर से निकाले गए थे। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 8 लोगों को जिंदा बचाया गया था, लेकिन उनमें से 2 महिलाओं की बाद में अस्पताल में मौत हो गई।

ऑपरेशन में फायर सर्विस की चार टीमें शामिल रहीं

रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर सर्विस की चार टीमें और 10 गोताखोर शामिल रहे। इनके साथ सेना, पुलिस, कोस्टगार्ड, BIWTC और स्थानीय प्रशासन ने भी मिलकर राहत व बचाव कार्य चलाया।
कुल 25 मृतकों में से 22 शव फायर सर्विस ने निकाले, जबकि 1 शव नौसेना के गोताखोरों ने बरामद किया। वहीं 2 लोगों को स्थानीय लोगों ने जिंदा बचाया था, लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर की पहचान कर ली गई है।

5 सदस्यीय जांच कमेटी गठित

हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इस कमेटी की अगुवाई एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट उचेन मेय कर रहे हैं। कमेटी में पुलिस, फायर सर्विस और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं। इसे 3 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

6 घंटे बाद बस को नदी से निकाला गया

रेस्क्यू टीम ने ‘हमजा’ नाम के जहाज की मदद से करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात को बस को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद फायर सर्विस और कोस्टगार्ड के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटे रहे। अधिकारियों के अनुसार, बस ढाका जा रही थी और इसमें सवार कई यात्री ईद के बाद राजधानी लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *