कर्नाटक बस हादसा: जिंदा जल गए यात्री, तस्वीरों में कैद खौफनाक मंजर

कर्नाटक। चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक प्राइवेट स्लीपर बस और तेज रफ्तार लोरी की भीषण टक्कर हो गई। जिसके बाद बस में आग लग गई और बस धू-धू कर जलने लगी। इस दर्दनाक हादसे में 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा हिरियुर क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब सामने से आ रही एक कंटेनर लोरी अचानक डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन में घुस गई और सीधे प्राइवेट स्लीपर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कुछ ही सेकंड में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

डीजल टैंक से टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोरी की सीधी टक्कर बस के डीजल टैंक के पास हुई, जिससे तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंजने लगी।

10 की मौत, 21 घायल

हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। गंभीर रूप से झुलसे 21 यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बताई जी रही है। सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में टक्कर मारने वाली लोरी के चालक की भी मौत हो गई है।

चश्मदीदों की जुबानी

हादसे में किसी तरह जान बचाकर निकलने वाले आदित्य ने बताया कि- आग इतनी तेजी से फैल गई कि हम कुछ समझ ही नहीं पाए। लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे, लेकिन लपटें चारों तरफ थीं। कई लोगों को चाहकर भी बाहर नहीं निकाल सके।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी सचिन ने कहा कि- बस ने अभी हमें ओवरटेक ही किया था कि अचानक सामने से ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए आ गया। डीजल टैंक से टकराते ही ऐसा धमाका हुआ, जैसे बम फट गया हो।

हादसे ने झकझोर दिया पूरा इलाका

इस भीषण दुर्घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। तस्वीरों और वीडियो में हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया गया है।