त्रिशूर रेलवे स्टेशन पर भयानक आग: सैकड़ों बाइकें जलकर हुई राख, रेलवे पार्किंग में मची अफरातफरी

शेयर करे

केरल। रविवार की सुबह त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पार्किंग एरिया में भयानक आग लग गई, जिसमें सैकड़ों दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि- यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे पेड-पार्किंग शेड में हुई और 6:45 बजे डिस्ट्रेस कॉल मिली। अधिकारियों का मानना है कि ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से निकली चिंगारी ने एक कवर किए हुए दोपहिया वाहन पर गिरकर आग भड़का दी।

कैसे हुई घटना

पार्किंग शेड से धुआं उठता देख वहां हड़कंप मच गया। फायरफाइटर्स का अनुमान है कि उस समय शेड में लगभग 400 बाइक और स्कूटर खड़े थे, जिनमें से अधिकांश पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गवाहों ने बताया कि- अगर समय पर आग को नहीं रोका जाता तो रेलवे स्टेशन भी आग की चपेट में आ सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही की आग पर जल्दी काबू पा लिया गया।

 

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या बिजली की तार से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। चिंगारी एक कवर किए हुए बाइक पर गिरी, जिससे आग फैल गई। पास खड़े वाहनों में पेट्रोल होने के कारण आग ने मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

एक घंटे में आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद सुबह 7:45 बजे तक आग पर काबू पाया। फायरफाइटर्स ने आग को स्टेशन के प्लेटफॉर्म और मुख्य भवन तक पहुंचने से रोक दिया, जिससे बड़ा नुकसान टला। हालांकि,  टिन की चादरों वाला पार्किंग शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।