जबलपुर। सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जबलपुर के पाटन क्षेत्र में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सकरा में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर के साथ मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ग्रामीणों की भीड़ एक व्यक्ति को घेरकर पीट रही है, जिसे बाद में बिजली विभाग का अधिकारी बताया गया।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम बकाया बिलों की वसूली और मोटर पंप की जांच के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान उपभोक्ता सौरभ जैन के यहां 7 एचपी की स्वीकृत क्षमता वाले पंप पर 9 एचपी का लोड पाया गया। इसी बात को लेकर सहायक अभियंता मनोज दुबे और उपभोक्ता के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि सौरभ जैन ने कार में बैठे जूनियर इंजीनियर के साथ पहले अभद्रता की और फिर कार में घुसकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में अन्य लोग भी वहां जुट गए और अधिकारी पर हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते कुछ लोग बीच-बचाव न करते तो जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने सौरभ जैन और उसके पिता मदन लाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
यह घटना केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल गिर सकता है।
बिजली विभाग के इंजीनियर पर हमला, कानून व्यवस्था पर सवाल


