भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन सियासी तापमान बढ़ा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में कथित तौर पर दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक गंदे पानी की बोतल लेकर पहुंचे।
‘प्रतीकात्मक शव’ के साथ प्रदर्शन
कांग्रेस विधायक हाथों में गंदे पानी से भरी बोतलें और उनके ऊपर प्रतीकात्मक शव रखकर पहुंचे। उनका आरोप है कि सरकार इस गंभीर मामले पर जवाबदेही तय करने के बजाय राजनीति कर रही है। साथ ही मंत्रियों पर लापरवाही के आरोप लगाए गए और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाज़ी की गई ।
चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष
वहीं इस प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि- इंदौर की घटना बेहद संवेदनशील है और इस पर सदन में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव दिया है ताकि इस मुद्दे पर प्राथमिकता से बहस हो सके। उनका कहना था कि सरकार को जवाब देना चाहिए और जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
आज पेश होंगे अनुपूरक अनुमान
सूत्रों के मुताबिक बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अनुपूरक बजट अनुमान सदन में पेश करेंगे। हालांकि, विपक्ष की रणनीति को देखते हुए सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। 16 फरवरी को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई गई थी।


