बालाघाट: ग्राम सिंगोला में पानी के अभाव से सूख रही रबी फसल, किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बालाघाट। लांजी क्षेत्र के अंतर्गत देवलगांव और सिंगोला के किसानों ने मंगलवार 17 फरवरी को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि नहर से समय पर पानी नहीं छोड़े जाने के कारण उनकी रबी फसल सूखने की कगार पर है।

नियमित रूप से वसूला जलकर

किसानों ने बताया कि- सिंचाई विभाग द्वारा नियमित रूप से जलकर वसूला जाता है। लेकिन इसके बावजूद नहरों में निर्धारित समय पर पानी नहीं छोड़ा जा रहा। 11 फरवरी तक भी किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया, जबकि समीपस्थ गांव मिरिया सहित अन्य क्षेत्रों में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों में नाराजगी और असंतोष बढ़ता जा रहा है।

साथ ही किसानों का कहना है कि क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है और रबी सीजन की फसल ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। पानी के अभाव में गेहूं और चना जैसी फसलें तेजी से सूख रही हैं, जिससे आर्थिक संकट गहराने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल नहर में पानी छोड़ने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि- यदि समय रहते सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने समस्या के शीघ्र समाधान और स्थायी सिंचाई प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *