छतरपुर। राजगढ़ गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मिट्टी की खुदाई के दौरान सड़क पर ‘पुराना खजाना’ निकल आने की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई। वायरल वीडियो के बाद देखते ही देखते रात के अंधेरे में ही मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। जिसके बाद मोबाईल की रोशनी में सिक्कों को लूटने की होड़ मच गई।
दरअसल यह मामला बमीठा थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव का है। जंहा रास्ते को दुरुस्त करने के लिए डाली गई मिट्टी में अचानक पुराने सिक्के चमकने लगे और राहगीरों की नजर पड़ते ही शोर मच गया। सूत्रों अनुसार दावा किया जा रहा है कि ये सिक्के करीब 500 साल पुराने और सोने के हैं। खजाना मिलने की खबर आग की तरह फैल गई। जिसके बाद सैकड़ों लोग रात में ही खुदाई वाली जगह पर मिट्टी छानने पहुँच गए। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि मामला सामने आने के बाद भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचे।


