बालोद । जिले में सड़क के किनारे शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक एक खौफनाक वारदात में बदल गया। राह चलते प्रवीण कुमार नामक युवक को सिर्फ इतना कहने पर कि गाड़ी साइड कर लो, आरोपियों ने पेन-नाइफ से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात में इस्तेमाल चाकू एक ’’ऑनलाइन खरीदा गया पेन नाइफ’’ था, जिसे छिपाना बेहद आसान होता है।
घटना बालोद थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, प्रवीण कुमार सड़क पर खड़ी एक कार को हटाने का अनुरोध कर रहा था। इसी बात पर वहां मौजूद एक नाबालिग सहित तीन युवकों ने विवाद खड़ा कर दिया और अचानक युवक पर हमला बोल दिया। उसके पेट और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया। जांच में यह भी सामने आया कि पेन नाइफ ऑनलाइन आसानी से खरीदा गया था।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग के साथ मौजूद अन्य दोनों आरोपी पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं या नहीं। मामला फिलहाल गंभीर धाराओं में दर्ज कर आगे बढ़ाया जा रहा है।
बालोद में मामूली बहस से खूनी वारदात, नाबालिग समेत तीन बदमाश गिरफ्तार


