रतलाम। शहर के बीचोंबीच स्थित हाट रोड वेदव्यास कॉलोनी मार्ग पर आधी रात अफरा-तफरी मच गई। रहवासी इलाके में बने कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। 30 से 35 फीट तक उठती आग की लपटों ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बता दें यह आग रात 12:30 बजे लगी। आग इतनी तेज थी कि प्लास्टिक, पन्नियां, वायर और कार्टून से भरे गोदाम कुछ ही मिनटों में खाक होने लगा।
30 से अधिक दमकलें तैनात
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंचीं, लेकिन पानी खत्म होते ही आग फिर भड़क उठी। हालात गंभीर देखते हुए नामली नगर पंचायत और इप्का की दमकल टीम भी बुलाई गईं, जिसमें करीब 30 से अधिक दमकलों ने लगातार चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें क्षेत्र के युवाओं ने भी जमकर मदद की।
पूरी रात दहशत में रहे लोग
वही आग की लपटों ने आसपास की दुकानों की छतों पर रखा सामान भी जला डाला। कूलर, फ्रिज और अन्य स्टॉक भी आग की चपेट में आ गए। खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई तक बंद करनी पड़ी। आग का धुआं मोहल्लों और कालोनियों तक फैल गया, जिससे लोग रातभर दहशत में रहे।
सीएसपी ने कहा
दरसअल सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गए थे, जनहानि न हो, इसके लिए सुरक्षा घेरा भी बनाया गया। अभी आग के कारणों की जांच जारी है।
गौरतलब है कि शहर के कई रहवासी इलाकों में ज्वलनशील सामग्री के गोदाम मौजूद हैं, पूर्व में भी कई बड़ी आग की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन गोदामों को शहर से बाहर शिफ्ट करने की प्रक्रिया आज तक अधूरी है, एक बार फिर नागरिक प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


