भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। अभियान की शुरुआत सेवा कार्यों और दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ की जाएगी और इसका समापन 17 अक्टूबर को होगा। अभियान को लेकर मंगलवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रदेश स्तरीय टोली, विभिन्न कार्यक्रमों की प्रदेश स्तरीय टोलियों और संभाग प्रभारियों को संबोधित किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला भी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री और सेवा संकल्प अभियान के संयोजक राहुल कोठारी ने किया।
25 वर्षों के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का यह अच्छा अवसर है। इन उपलब्धियों को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य है, ताकि लोगों को सरकार के कार्यों की जानकारी मिलने के साथ योजनाओं का लाभ भी मिल सके।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सभी 12 कार्यक्रमों को लेकर हर बूथ पर ध्यान देना होगा। कार्यक्रमों को केवल आयोजन तक सीमित न रखकर ग्राउंड स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए।
शिवप्रकाश ने कहा कि कार्य की प्रकृति और जरूरत को समझकर उसकी प्राथमिकता तय की जाए। बेहतर परिणाम के लिए योजना, मजबूत व्यवस्था और लगातार निगरानी जरूरी है। किसी भी कार्य को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े: BJP सेवा संकल्प अभियान को लेकर बड़ी बैठक, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश रहे मौजूद
एक महीने अभियान में लगेगी संगठन की पूरी शक्ति
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि अगले एक महीने तक संगठन की पूरी शक्ति ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में लगाई जाएगी। कार्यक्रमों की संख्या से ज्यादा उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य ज्यादा कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। ‘सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण’ ही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना है। प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा के संकल्प को अपनी जिम्मेदारी मानकर अभियान को सफल बनाने में भूमिका निभाए।

