इजराइल: भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को इजराइल वीरता पुरस्कार से सम्मानित करेगा। दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक और क्रैश होने से बचाने में उनकी भूमिका के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की
इजराइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने कैप्टन स्मित मछार को नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि मछार ने मुश्किल हालात में साहस दिखाते हुए विमान और उसमें सवार लोगों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल कैप्टन स्मित मछार का अबू धाबी में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। उनकी बहादुरी के लिए इजराइल की ओर से दिया जाने वाला यह सम्मान चर्चा में है।
घटना से जुड़े नायकों को सम्मानित किया
इजरायली राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने गुरुवार को इस घटना से जुड़े नायकों को सम्मानित किया। उन्होंने येरुशलम में छह इजरायली नागरिकों- ताली मानेस, ज्विका मानेस, यानिव हायुन, डॉ. शोता मुसायेव, आसाफ राजुआन और ओर पारदिलोव को राष्ट्रपति नागरिक वीरता पदक प्रदान किया। इन सभी ने हमलावर को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 15 जनवरी को आर्मी डे परेड, 60 टन के टैंक दौड़ाने के लिए 3.5 किमी सड़क होगी मजबूत
कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ
इस अवसर पर इजरायली राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ करते हुए वीरता पुरस्कार देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मछार की साहस, बहादुरी और पेशेवर रवैये ने इस बड़ी आपदा को टाल दिया। मछार के स्वस्थ होने के बाद उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। हर्जोग ने मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

