नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र इस बार कई विवादों का केंद्र बना हुआ है। सत्ता और विपक्ष के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा। अब कांग्रेस सूत्रों के अनुसार विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर चुका है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक का अंश पढ़ना चाह रहे थे। स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी, जिसके बाद सदन में जमकर हंगामा हुआ। इस विवाद के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात भी नहीं रख पाए।
राहुल गांधी ने स्पीकर को पत्र लिखकर इसे परंपरा का उल्लंघन बताया। कांग्रेस का कहना है कि विपक्ष के नेता को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के विरुद्ध है। विपक्ष के पास 240 सांसद हैं, जो अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए पर्याप्त संख्या है, हालांकि इसे पारित कराना संभव नहीं है।
संसद में टकराव चरम पर, स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष लाएगा अविश्वास प्रस्ताव


