कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली: राहुल का मोदी-शाह पर तीखा हमला, खड़गे बोले- हमारा वंदे मातरम भी चुराया

शेयर करे

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी, गद्दी छोड़ो’ थीम वाली बड़ी रैली आयोजित की। रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मविश्वास खत्म होने और गृह मंत्री अमित शाह के घबराहट का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी ‘वोट चोरी’ पकड़ी जा चुकी है।

राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा –  मोदी जी का कॉन्फिडेंस खत्म हो गया है। उन्हें पता है कि उनकी चोरी पकड़ी गई है। अमित शाह जी के हाथ कांप रहे थे, जब संसद में मैंने उन्हें चुनौती दी। हम सत्य के साथ खड़े हैं और आरएसएस-भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी लगाए आरोप 

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। राहुल ने कहा, पीएम ने इनके लिए कानून बदला है। हम इस कानून को बदलेंगे और इन लोगों के खिलाफ एक्शन लेंगे। ये लोग नहीं भूलना चाहिए कि ये हिंदुस्तान के इलेक्शन कमिश्नर हैं, भाजपा के नहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में वंदे मातरम पर हुई बहस का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारा वंदे मातरम भी इन्होंने चोरी कर लिया। स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस ने वंदे मातरम को नारा बनाया, लाखों कार्यकर्ता जेल गए इसे गाते हुए। लेकिन भाजपा वाले तो ब्रिटिश के लिए काम कर रहे थे
प्रियंका गांधी ने रैली में कहा
प्रियंका गांधी ने रैली में कहा जीवन में वोट की कीमत समझना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज न्यायालय पर दबाव है, सारी मीडिया अंबानी-अडानी की है। कांग्रेस नेताओं को तरह-तरह के आरोप लगाकर जेल में बंद किया गया, लेकिन जो भाजपा में शामिल हो गए, उन्हें ‘वॉशिंग मशीन’ से साफ कर दिया। प्रियंका ने भाजपा को बैलेट पेपर पर चुनाव लड़ने की चुनौती दी और कहा कि वे जानते हैं कि इससे वे हार जाएंगे।

रैली में कार्यकर्ताओ का विरोध

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में बैनर लेकर पहुंचे, जिन पर लिखा था- देश की जनता की अदालत का सबसे बड़ा गुनहगार कैदी नं. 420 ज्ञानेश कुमार। चुनाव आयोग बना है मोदी आयोग।

भाजपा ने राहुल पर कसा तंज

 भाजपा ने रैली पर पलटवार करते हुए पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा- “तुम घुसपैठियों की सेवा में लगे रहो, हम देश की जनता की सेवा करते रहेंगे।” भाजपा ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया।