नई दिल्ली। राजधानी के आउटर नॉर्थ ज़िले के चंदन पार्क इलाके में एक भयावह वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सर्वोदय विद्यालय के पास स्थित एक कमरे में 30 वर्षीय महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियां मृत पाई गईं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों के गले किसी धारदार हथियार से काटे गए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
रिश्तेदार ने देखा भयावह मंजर
मृतकों की रिश्तेदार रूबी ने बताते हुए कहा कि- जब वह सुबह घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला था और अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गईं। चारों जमीन पर पड़े थे, गले कटे हुए थे। ऐसा दृश्य मैंने कभी नहीं देखा। घटना के बाद से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
मुख्य संदिग्ध पति
बता दें पुलिस के मुताबिक मृत महिला की पहचान अनीता के रूप में हुई है। उसके पति मुनचुन केवट के सुबह से घर से गायब होने के कारण संदेह उसी पर केंद्रित है। पुलिस ने उसे मुख्य संदिग्ध मानते हुए कई टीमों को तलाश में लगाया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।
कानूनी कार्रवाई और जांच
जानकारी अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि- पारिवारिक कलह की एंगल से भी जांच की जा रही है। पड़ोसियों के मुताबिक घर में अक्सर विवाद की आवाजें सुनाई देती थीं, हालांकि किसी ने इतने गंभीर अंजाम की कल्पना नहीं की थी।
इलाके में शोक और आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों है। चार जिंदगियों का एक साथ खत्म होना केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सामाजिक चेतावनी भी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, यह वारदात राजधानी में सुरक्षा और पारिवारिक हिंसा के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


