आइची/नागोया: एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन गुरुवार को भारत का पदक अभियान जारी रहा। निशानेबाजी में अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने मिश्रित स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इसके साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 15 हो गई। वहीं, पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे क्वार्टर के बाद 7-1 की बढ़त बना ली।
मिश्रित स्कीट में भारतीय जोड़ी ने 44 का स्कोर किया। चीन ने स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने रजत पदक जीता। अनंतजीत और परिनाज का यह एशियाड में दूसरा पदक है। इससे पहले दोनों अपनी-अपनी स्कीट टीम स्पर्धाओं में कांस्य जीत चुके हैं।
चौथे मिनट में शिलानंद लाकरा ने गोल किया
भारत ने अब तक एक स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य पदक जीते हैं। निशानेबाजी भारत के लिए सबसे सफल खेल रहा है, जहां उसे आठ पदक मिले हैं। इनमें चार रजत और चार कांस्य शामिल हैं। महिला क्रिकेट टीम ने भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक जीता है।
पुरुष हॉकी में भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। शिलानंद लाकरा ने चौथे मिनट, सुखजीत सिंह ने नौवें और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गोल किया। इसके बाद अभिषेक ने 12वें मिनट में गोल दागा। दिलप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में गोल कर भारत को 5-0 की बढ़त दिला दी।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग मेडल: मीराबाई चानू ने जीता सिल्वर, 198 KG वजन उठाया
दिलप्रीत सिंह के गोल से भारत 5-0 से आगे हो गया
तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने 32वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि अभिषेक ने 38वें मिनट में दूसरा गोल दागा। दक्षिण कोरिया के किम जैहो ने 42वें मिनट में एकमात्र गोल किया। तीसरे क्वार्टर के बाद भारत 7-1 से आगे था।
भारत अगर इसी अंतर से मुकाबला जीतता है तो एशियाड में दक्षिण कोरिया के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत होगी। इससे पहले 1962 एशियन गेम्स में भारत ने कोरिया को 5-0 से हराया था।
रोइंग में उज्ज्वल सिंह और रोहित की जोड़ी पुरुष लाइटवेट स्कल्स में कांस्य पदक से चूक गई। भारतीय जोड़ी 6:27.42 के समय के साथ चौथे स्थान पर रही।

